महाकाली मंदिर की फर्श धंसी, नीचे निकला वर्षों पुराना कुआं
समय रहते खुला राज, बड़ा हादसा टला
लालसोट
शहर के कोथून रोड स्थित प्रसिद्ध महाकाली मंदिर परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब फर्श धंसने पर नीचे वर्षों पुराना कुआं निकल आया। समय रहते स्थिति स्पष्ट हो जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
महाकाली सेवा समिति के संरक्षक एवं व्यापार महासंघ अध्यक्ष दीपक चौधरी ने बताया कि श्रद्धालुओं ने फर्श पर कंपन महसूस होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर महंत बनवारी लाल व्यास व अन्य लोगों से चर्चा के बाद जेसीबी से खुदाई करवाई गई। खुदाई के दौरान फर्श के बीच अचानक बड़ा गड्ढा बन गया और नीचे कुएं की मौजूदगी साफ दिखाई देने लगी। श्रद्धालुओं के अनुसार मंदिर की प्रतिमा के सामने वर्षों पहले एक कुआं था, जिसे मिट्टी से पाटकर फर्श बना दी गई थी। हाल के वर्षों में अच्छी बारिश से भूजल स्तर बढ़ने के कारण यह हिस्सा धंस गया। मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है।