logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

त्योहार से पहले ‘नकली पनीर फैक्ट्री’ पर शिकंजा — गंदगी में तैयार हो रहा था दूध-पनीर, 1000 लीटर दूध व 5 कुंतल पनीर के सैंपल सील

त्योहार से पहले ‘नकली पनीर फैक्ट्री’ पर शिकंजा — गंदगी में तैयार हो रहा था दूध-पनीर, 1000 लीटर दूध व 5 कुंतल पनीर के सैंपल सील
सहारनपुर।
ईद, होली समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ मंडलीय खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मंडी क्षेत्र की कमेला कॉलोनी में संचालित एक दूध-पनीर निर्माण फैक्ट्री पर छापा मारकर विभागीय टीम ने करीब 1000 लीटर दूध और 5 कुंतल पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए।
कार्रवाई Food Safety and Drug Administration, Uttar Pradesh की टीम द्वारा थाना मंडी व थाना कुतुबशेर पुलिस के सहयोग से की गई। टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फैक्ट्री में साफ-सफाई के मानकों की खुलेआम अनदेखी कर दूध और पनीर तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है।
छापेमारी के दौरान हालात चौंकाने वाले मिले। दूध खुले बर्तनों में रखा था, जिनमें मक्खियां और मच्छर दिखाई दिए। वहीं पनीर सीधे फर्श पर रखा हुआ पाया गया। अधिकारियों ने मौके से दूध व पनीर के सैंपल भरकर सील कर दिए और जांच के लिए भेज दिए।
बताया गया कि टीम के पहुंचते ही फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके में फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वहां बड़े पैमाने पर मीट का कारोबार होता है और आसपास गंदगी की स्थिति बनी रहती है। चर्चा यह भी है कि इसी परिसर में पहले मीट का गोदाम संचालित था। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि दूध-पनीर जैसे संवेदनशील खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए लाइसेंस जारी करते समय स्थान की उपयुक्तता की क्या जांच की गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, फैक्ट्री संचालक का नाम फरमान बताया जा रहा है, जिस पर पहले भी नकली पनीर बनाने के आरोप लग चुके हैं। बताया गया कि वह पहले रामपुर मनिहारान क्षेत्र में फैक्ट्री चला रहा था, जहां खाद्य विभाग की छापेमारी के बाद उसका काम बंद कराया गया था। इसके बाद वह सहारनपुर में आकर फिर से नकली पनीर का धंधा शुरू करने लगा।
सूत्र यह भी बता रहे हैं कि उसका एक साझेदार कादिर है, जिसकी दुकान बकरी वाले क्षेत्र में बताई जा रही है और वहीं से पनीर की सप्लाई बाजार में की जाती थी। हालांकि, इन सभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
खाद्य विभाग ने साफ किया है कि त्योहारों के मद्देनजर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है और मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

2
9 views

Comment