logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

4 दिवसीय एआई आधारित कार्यशाला का सफल आयोजन

खानपुर कलां -27 फरवरी। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा चार दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई ) आधारित कार्यशाला का आयोजन किया गया। 24 फरवरी से आरम्भ यह कार्यशाला अनुदीप फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुई, जो कलकत्ता स्थित एक प्रतिष्ठित कौशल विकास संस्था है और डिजिटल तकनीकी प्रशिक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर कार्य कर रही है।विभाग के चेयरपर्सन प्रो अजित सिंह ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस एवं उभरती डिजिटल तकनीकों के व्यावहारिक पक्ष से अवगत कराना था। चार दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को एआई के मूल सिद्धांतों, एल्गोरिद्म, डेटा विश्लेषण, ऑटोमेशन टूल्स तथा वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में एआई के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किरण एवं मोहम्मद निसार द्वारा किया गया। दोनों विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने इंटरैक्टिव सत्रों, लाइव डेमोंस्ट्रेशन एवं प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से विषय को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। छात्राओं को प्रोजेक्ट-आधारित लर्निंग के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया, जिससे उनके तकनीकी कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।कार्यक्रम के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुदेश ने प्रतिभागी छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज के समय की सबसे परिवर्तनकारी तकनीकों में से एक है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, वित्त एवं प्रशासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालय का लक्ष्य छात्राओं को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर एवं नवाचार के लिए सक्षम बनाना है।उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में तकनीकी दक्षता ही सफलता की कुंजी है। एआई आधारित कौशल न केवल रोजगार के नए अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उद्यमिता एवं स्टार्टअप संस्कृति को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग शोध, नवाचार एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान में करें तथा तकनीक को मानवता के कल्याण हेतु अपनाएँ।फोटो कैप्शन :- 02 प्रतिभागी छात्राओं को सम्बोधित करते कुलपति प्रो सुदेश। 

0
0 views

Comment