logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

28 फरवरी को किसानों के खातों में आएंगे कृषक उन्नति योजना की राशि।

रिपोर्ट- सुनील कुमार पुरैना
रायपुर/ भटगांव - छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा “कृषक उन्नति योजना” के तहत प्रदेश के लाखों किसानों को आदान सहायता राशि प्रदान करने की तैयारी की गई है। शासन के निर्देशानुसार 28 फरवरी 2026 को राज्यभर में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों के खातों में सीधे राशि अंतरित की जाएगी।

शासन से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक पंजीकृत धान एवं धान बीज उत्पादक किसानों को 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की आदान सहायता राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी। इस अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विकासखंड बिल्हा, जिला बिलासपुर में दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी समय प्रदेश के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

निर्देशों के अनुसार राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 20 हजार किसानों तथा प्रत्येक विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में करीब 2 हजार किसानों की उपस्थिति संभावित है। कार्यक्रम स्थलों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम में विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी विकासखंड स्तर के आयोजनों में किया जाएगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा कुछ चयनित किसानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी किया जाएगा, जिसके लिए प्रत्येक जिले में एक चयनित स्थल पर विशेष व्यवस्था की जाएगी।

शासन ने सभी कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम स्थल चयन और जनप्रतिनिधियों की जानकारी 26 फरवरी दोपहर 2 बजे तक संचालनालय कृषि को भेजना अनिवार्य होगा। साथ ही किसानों को उनके खातों में जमा की जाने वाली राशि की जानकारी एसएमएस के माध्यम से देने की व्यवस्था भी की जाएगी।

8
738 views

Comment