जालौन में ट्रांसफार्मर में भीषण आग, मेन रोड पर मचा हड़कंप
जालौन। नगर के कांजी हाउस मेन रोड पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे रखे बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास के क्षेत्र में घना धुआं फैल गया। इससे राहगीरों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर काफी समय से जर्जर हालत में था और उसमें से तेल का रिसाव हो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि तेल लीकेज के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे ट्रांसफार्मर में आग भड़क उठी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोग पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने तत्काल क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, लेकिन इसके बाद भी ट्रांसफार्मर से काफी देर तक लपटें निकलती रहीं। चूंकि यह नगर का प्रमुख मार्ग है, इसलिए कुछ ही देर में सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित हुआ।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, कुछ देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय नागरिकों ने जर्जर ट्रांसफार्मरों की जांच कर उन्हें शीघ्र बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
पुलिस व विद्युत विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट
राजू पाटकर..