logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

AIMA मीडिया (संपादक: डॉ. एम.डी. फिरोज आलम) भागलपुर | 26 फरवरी 2026 | विशेष संवाददाता होली–रमजान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क

AIMA मीडिया
(संपादक: डॉ. एम.डी. फिरोज आलम)
भागलपुर | 26 फरवरी 2026 | विशेष संवाददाता
होली–रमजान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क
1500 पुलिस बल की तैनाती, डीजे व अश्लील गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध
भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी होली एवं रमजान को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि होलिका दहन 3 मार्च एवं होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। शांति समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि आगजा (होलिका) की ऊंचाई 6 फीट से अधिक न रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा की संभावना न रहे।
स्थानीय समस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक में नागरा चौक पर 5 फीट गड्ढा होने, वार्ड संख्या 1 स्थित वरनी घाट का प्याऊ खराब होने, साहिबगंज चौक पर सड़क मरम्मत की आवश्यकता तथा बुडको द्वारा कई स्थानों पर सड़क काटकर छोड़े जाने की समस्या उठाई गई।
ललमटिया थाना क्षेत्र के दमदम चौक पर पूर्व में हुए विवाद का जिक्र करते हुए वहां विशेष निगरानी की मांग की गई। महाशय डेवढ़ी के पास बिजली पोल हटाने की आवश्यकता भी बताई गई।
पुलिस प्रशासन की व्यापक तैयारी
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि होली के अवसर पर लगभग 1500 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी होलिका दहन स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि:
डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
अश्लील गानों का प्रसारण नहीं होगा।
उपद्रवी तत्वों को चिन्हित कर बॉन्ड डाउन कराया जा रहा है।
अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दें और कानून अपने हाथ में न लें।
ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना और होली का त्योहार आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी को निर्देश दिया कि जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
कहलगांव, घोघा एवं सबौर पथ पर विशेष चौकसी रखने के निर्देश दिए गए। एनएच निर्माण कार्य आवश्यक होने पर 4–5 दिनों के लिए स्थगित रखने तथा सड़क पर निर्माण सामग्री डंप नहीं करने की हिदायत दी गई।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराने का भी निर्देश दिया गया। हाल में झंडापुर के समीप हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए डीएम ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर दिया।
सौहार्द के साथ मनाएं पर्व
डीएम ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है। लोगों को एक-दूसरे की भावना का सम्मान करते हुए त्योहार मनाना चाहिए। होलिका दहन स्थल के पास बिजली तारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में सभी नागरिकों को होली एवं रमजान की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, एसडीओ सदर विकास कुमार, एसडीपीओ अजय कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन सहित अन्य पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
AIMA मीडिया — निष्पक्ष, निर्भीक, विश्वसनीय पत्रकारिता

4
8246 views

Comment