logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर में कूड़े में मिला लापता कर्मचारी का शव, 11 दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी

शाहजहांपुर। जिले के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे कूड़े के ढेर में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कटरा कस्बे के मोहल्ला आतिशबाजन निवासी हसमत अली उर्फ मुन्ना (42) पुत्र रहमत अली के रूप में कराई। वह बीते 11 दिनों से लापता थे।
घटना मीरानपुर कटरा क्षेत्र में सियूरा मोड़ के पास की है। राहगीरों ने कूड़े के ढेर में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव और थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, हसमत अली कटरा कस्बे के मवेशी अस्पताल में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। 16 फरवरी 2026 की सुबह वह ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो 18 फरवरी को कटरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
करीब ग्यारह दिन बाद बुधवार देर रात उनका शव राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे कचरे में मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी नाजिस उर्फ गुड्डी और पुत्र अलफैज हैं। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव ने बताया कि शव की पहचान हसमत अली के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

0
0 views

Comment