दो हफ्ते से लापता छात्रा का नहीं लगा सुराग, कार्रवाई न होने पर गुलाबी गैंग का थाने पर घेराव का ऐलान
फतेहपुर संवाददाता।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा विद्यालय से लापता हो गई थी। घटना को दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पांच संदिग्ध लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया गया है। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि जब वे कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें थाने से भगा दिया गया। इससे परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। परिवार ने प्रशासन से तत्काल छात्रा की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसी मामले को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन का ऐलान किया है। हेमलता पटेल ने बताया कि वह आज 26 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे अपने प्रतिनिधिमंडल और पीड़ित परिजनों के साथ थाना सुल्तानपुर घोष पहुंचेंगी और थाना प्रभारी से सीधे वार्ता करेंगी।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि वार्ता के बाद भी छात्रा की बरामदगी और नामजद आरोपियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन थाने का घेराव करने के लिए बाध्य होगा। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों की नजर अब पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।