एनएसएस विशेष शिविर का समापन राष्ट्रगान के साथ, स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों की सराहना
उन्नाव/बिछिया। राजकीय महाविद्यालय उन्नाव की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन प्राथमिक विद्यालय केदारखेड़ा में राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीता अरोड़ा ने कहा कि सेवा का वास्तविक सार समर्पण भाव में निहित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में महाविद्यालय के स्वयंसेवकों द्वारा समुदाय के साथ मिलकर किया गया सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अरोड़ा ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। विशेष शिविर में योग प्रशिक्षक भरत कुमार को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रितेश सिंह ने सात दिवसीय विशेष शिविर की विस्तृत आख्या प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव समारोह में 28 फरवरी को पुरस्कृत किया जाएगा।
समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राकेश तिवारी, डॉ. के.के. यादव, डॉ. मनोज त्रिवेदी, डॉ. नीलिमा नागर, डॉ. अयाज खलील, डॉ. प्रियदर्शन पांडेय, डॉ. राबिन विक्रम सिंह, डॉ. आलोक रस्तोगी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विभु प्रकाश सिंह ने किया।