logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सीएम हेल्पलाइन एवं टीएल पत्रकों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें - कलेक्टर

सीएम हेल्पलाइन एवं टीएल पत्रकों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें — कलेक्टर

विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए विस्तृत निर्देश

नगर निगम को डोर टू डोर कचरा कलेक्शन सुनिश्चित करवाने के निर्देश

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने बुधवार को आयोजित टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समय-सीमा पत्रकों तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, समस्त एसडीएम, नगर निगम आयुक्त श्री सत्येन्द्र धाकरे, जिला अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की मासिक, 50 दिवस एवं 1000 दिवस की लंबित शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा कर उनका निराकरण 8 मार्च तक अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधीनस्थ अधिकारियों की नियमित बैठक लेकर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें।

विभागीय योजनाओं से संबंधित शिकायतों का भी प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।

उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अंतिम समय तक प्रतीक्षा करने के बजाय त्वरित कार्रवाई की जाए, जिससे अनावश्यक विलंब एवं दंड से बचा जा सके। पंचायत सचिवों को जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन संबंधी आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा जिला पंचायत सीईओ को इस संबंध में नियमित समीक्षा करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।

कलेक्टर ने रात्रि 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही व्यक्तिगत सचिव एवं जीआरएस से संबंधित लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने को कहा।

कृषि कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत भावांतर योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने तहसीलदारों को निर्देशित किया कि पंजीयन का सत्यापन राजस्व अभिलेखों के आधार पर किया जाए। योजना प्रारंभ होने से पूर्व मंडियों में कैमरे, तौल व्यवस्था एवं आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ई-विकास कार्यक्रम के अंतर्गत उप संचालक कृषि को जनपद, तहसील एवं कलेक्ट्रेट स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग्स लगाने तथा आगामी खरीफ सीजन के लिए बीज उपलब्धता की अग्रिम योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत प्रचार सामग्री लगाने तथा ड्रिप इरिगेशन के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा ।

दुग्ध संपर्क अभियान की समीक्षा में उप संचालक पशुपालन को रिपोर्टिंग प्रणाली को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

संपूर्णता अभियान के अंतर्गत कलेक्टर द्वारा पहाड़गढ़ ब्लॉक के सहरिया बाहुल्य क्षेत्रों में 15 मार्च तक शौचालय निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूर्ण करने तथा पात्र परिवारों को उज्ज्वला योजना का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्रदान करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।

नगरीय निकायों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था सुदृढ़ करने, प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गीले एवं सूखे कचरे के पृथक संग्रहण की व्यवस्था करने पर भी कलेक्टर ने जोर दिया।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh

24
865 views

Comment