logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जल जीवन मिशन की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

जल जीवन मिशन की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

नल-जल योजनाओं में गुणवत्ता, सघन मॉनिटरिंग एवं मिशन मोड में कार्य कर 15 मार्च तक लक्ष्य पूर्ण करें — कलेक्टर

सबलगढ़ सब इंजीनियर को लक्ष्य के अनुसार कार्य पूर्ण ना करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित नल-जल योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मुरैना में आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, स्कीम कम्प्लीशन, हैंडओवर की स्थिति, एफएचटीसी लक्ष्य, लंबित कार्यों, भुगतान संबंधी प्रकरणों तथा फील्ड स्तर पर आ रही समस्याओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान त्रिस्तरीय (थ्री-लेयर) गुणवत्ता जांच अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को स्वयं फील्ड पर जाकर सैंपल जांच करने तथा प्रत्येक स्तर पर कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मीटर की दूरी पर निर्धारित मानकों के अनुरूप टीम आधारित निरीक्षण व्यवस्था लागू की जाए, जिससे पाइपलाइन कार्य पूर्णतः गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी मानकों के अनुरूप हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में वर्तमान में पेयजल समस्या है अथवा भविष्य में उत्पन्न होने की संभावना है, वहां संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से फील्ड विजिट कर समस्याओं का त्वरित एवं स्थायी निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में ग्राम आच्छादन की कार्ययोजना, एकल ग्राम नल-जल योजनाओं की प्रगति, पूर्ण एवं हस्तांतरण योग्य योजनाओं, प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त योजनाओं, पुनरीक्षित प्रस्तावों, रोड रिस्टोरेशन कार्यों तथा धरती आबा एवं पीवीटीजी बस्तियों में संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में नल कनेक्शन की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित स्कीम कम्प्लीशन पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि फील्ड मॉनिटरिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यदि कोई कर्मचारी कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। अतः सभी अधिकारी मिशन मोड में कार्य करते हुए 15 मार्च तक निर्धारित सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि योजना का वास्तविक लाभ पात्र नागरिकों तक समय पर पहुंच सके।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh

41
1012 views

Comment