अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण आंदोलन जारी: मुआवजा नहीं मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
मुआवजा की मांग को लेकर बिलाईगढ़ में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण आंदोलन जारी, एक सप्ताह में भुगतान का आश्वासन
बिलाईगढ़। अपर सोनिया जलाशय परियोजना से प्रभावित कृषक रमेशर उर्फ रामेश्वर को न्यायपूर्ण मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर इंदिरा मार्केट बिलाईगढ़ में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण आंदोलन जारी है। आंदोलनकारियों ने आज प्रशासन का ध्यान पुनः इस ओर आकर्षित करते हुए ज्ञापन सौंपा।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अनुपस्थिति में आंदोलनकारी प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार बिलाईगढ़ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान थाना प्रभारी एवं SDOP भी मौके पर उपस्थित रहे और आंदोलन की स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया गया कि एक सप्ताह के भीतर मुआवजा भुगतान की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनीष चेलक, प्रदेश सचिव – भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह संवैधानिक, अहिंसक एवं शांतिपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मुआवजा का भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना स्थल इंदिरा मार्केट, बिलाईगढ़ में आंदोलनकारी लगातार अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं और किसान को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
— आइमा मीडिया