रायन इंटरनेशनल स्कूल की स्वर्ण जयंती पर मिनी मैराथन का भव्य आयोजन
शाहजहांपुर। रायन इंटरनेशनल स्कूल की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मंगलवार को एक भव्य मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। यह दौड़ हथौड़ा चौराहा से प्रारंभ होकर खिरनी बाग स्थित रामलीला मैदान तक आयोजित की गई। कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती वर्षा अग्रवाल की देखरेख में संपन्न हुआ।
मिनी मैराथन का शुभारंभ शहर के जिला खेल अधिकारी श्री एस.पी. बमनिया एवं आईपीएस अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में कक्षा 9 एवं 11 के छात्र-छात्राओं सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों में विशेष जोश और अनुशासन देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना का विकास करना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालय के स्वर्णिम 50 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव मनाना रहा। मार्ग में शहर के अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में शहर की सीडीओ श्रीमती अपराजिता सिनसिनवार एवं जिला खेल अधिकारी श्री एस.पी. बमनिया मौजूद रहे। दौड़ के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹3100, द्वितीय स्थान पर ₹2100 तथा तृतीय स्थान पर ₹1100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रधानाचार्या श्रीमती वर्षा अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, शिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना भी विकसित करते हैं।
मिनी मैराथन के सफल आयोजन से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण रहा।