यादव जी की लव स्टोरी के विरोध में बिल्सी में प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन
संवाददाता: देव ठाकुर
बिल्सी। बदायूं जिले के बिल्सी नगर में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर यादव समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। फिल्म के विरोध में मंगलवार को समाज के लोगों ने गांधी पार्क से मेन मार्केट होते हुए तहसील परिसर तक पैदल मार्च निकाला और जोरदार नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा। विश्व यादव परिषद के राष्ट्रीय सचिव एस.डी. यादव के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फिल्म का शीर्षक और कथानक समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है तथा इससे समाज की प्रतिष्ठा और बहन-बेटियों के सम्मान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से फिल्म पर रोक लगाने या आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान समाजसेवी पंडित शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान और सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि फिल्म निर्माण करना था तो समाज की सकारात्मक परंपराओं, इतिहास या भगवान श्रीकृष्ण जैसे आदर्शों से जुड़े विषयों को लिया जाना चाहिए था। इस प्रकार की फिल्मों से समाज में गलत संदेश फैलने की आशंका है।यादव समाज के लोगों ने तहसील परिसर में शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर जगपाल यादव, सत्यदेव, अखिलेश यादव, सोनू यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। संवाद