बेंगलुरु के कुम्बारपेठ स्थित लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, लाखों का नुकसान
बेंगलुरु (दलपतसिंह भायल ) कुम्बारपेठ क्षेत्र में लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना हलसुर गेट पुलिस स्टेशन सीमा क्षेत्र में स्थित कॉम्प्लेक्स की एक हार्डवेयर दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण हुई बताई जा रही है।
सुबह अचानक आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुकानदारों को फोन पर सूचना दी। जब तक दुकानदार मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
बताया जा रहा है कि कॉम्प्लेक्स में लगभग 100 दुकानें संचालित होती हैं। आग की चपेट में आने से कई दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। कॉम्प्लेक्स के भीतर प्लास्टिक, फैंसी, टॉयज, हार्डवेयर और कॉस्मेटिक की दुकानें हैं। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने की कोशिश की। एहतियातन आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय अधिकतर दुकानें बंद थीं, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।