पटना में लॉ छात्र की संदिग्ध मौत, हॉस्टल में फंदे से लटका मिला शव..
चाणक्य लॉ कॉलेज के LLM छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान झारखंड के रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र निवासी मयंक राज के रूप में हुई है। वह कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता कोल माइंस में एक वरिष्ठ अधिकारी बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजन पटना पहुंचे। मां का कहना है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता, इसलिए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। परिजनों ने किसी भी तरह की साजिश की आशंका जताई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
कॉलेज परिसर में इस घटना के बाद छात्रों के बीच शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।