सालारपुर आईटीआई में 27 फरवरी को वृहद रोजगार मेला, 50 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती
संवाददाता: देव ठाकुर
बदायूँ। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सालारपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, कौशल विकास मिशन एवं आईटीआई प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। मेले का शुभारंभ प्रातः 11 बजे किया जाएगा, जबकि अभ्यर्थियों का पंजीकरण सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। रोजगार मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। इसमें हाईस्कूल से लेकर स्नातकोत्तर तक की योग्यता रखने वाले तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों की प्रतियां एवं कम से कम पांच बायोडाटा साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महेश चन्द्र गुप्ता (पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक, बदायूँ) उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में वर्षा यादव (जिला पंचायत अध्यक्ष) तथा राजीव कुमार गुप्ता (भाजपा जिलाध्यक्ष) शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि इस रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद के युवाओं को रोजगार के स्वर्णिम अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें करियर मार्गदर्शन देना और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। जनपद के सभी बेरोजगार एवं योग्य युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की गई है। संवाद