logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पटना में दफादार-चौकीदारों पर लाठीचार्ज, एक का सिर फटा; 15 हिरासत में..

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी में दफादार और चौकीदारों का प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांधी मैदान से जेपी गोलंबर तक प्रदर्शन
विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में दफादार-चौकीदार गांधी मैदान के पास स्थित जेपी गोलंबर पर जुटे थे। दोपहर बाद प्रदर्शनकारियों ने वहां लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ने लगे।
डाकबंगला चौराहे पर पहले से भारी पुलिस बल, दंगा नियंत्रण वाहन और अतिरिक्त जवान तैनात थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति जल्द ही तनावपूर्ण हो गई।
धक्का-मुक्की के बाद लाठीचार्ज..
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारी जब नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई।
आरा से आए चौकीदार प्रभु के सिर में चोट लग गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि झड़प में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए हैं।

क्या हैं प्रदर्शनकारियों की मांगें?
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से:
मानदेय बढ़ाने
सेवा शर्तों में सुधार
लंबित मांगों के समाधान
को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

पुलिस का बयान..
लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी ने बताया कि दफादार-चौकीदारों ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़े, जिससे स्थिति उग्र हो गई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई और करीब 15 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

0
0 views

Comment