logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जनगणना–2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण 24 फरवरी से, प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक

जनगणना–2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न
मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण 24 फरवरी से, प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक
जयप्रकाश त्रिपाठी
जिला संवाददाता, हिंदी दैनिक

सिद्धार्थनगर, 23 फरवरी 2026।
जनगणना–2027 की तैयारियों के संबंध में सोमवार को सिद्धार्थ सभागार में जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनगणना निदेशालय, उत्तर प्रदेश से नियुक्त नोडल अधिकारी नागेन्द्र यादव ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना–2027 भारत की जनगणना श्रृंखला की 16वीं तथा आजादी के बाद 8वीं जनगणना होगी। उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्ययोजना है, जो गांव, वार्ड और शहर स्तर के डाटा का एकमात्र आधिकारिक स्रोत होती है।
प्रशिक्षण व नियुक्ति की समय-सीमा तय
नोडल अधिकारी ने बताया कि मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण 24 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण 31 मार्च 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी 31 मार्च 2026 तक कर ली जाएगी तथा उनका प्रशिक्षण 15 मई 2026 तक संपन्न कराया जाएगा।
दो चरणों में होगी जनगणना
जनगणना का प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ 22 मई से 20 जून 2026 (उत्तर प्रदेश) तक चलेगा। इसके पूर्व 7 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संपन्न होगी।
द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक कराई जाएगी।
अधिकारियों को बताया गया कि मकान सूचीकरण ब्लॉक जनगणना के दौरान डेटा संग्रह की प्राथमिक इकाई है, जो बिना किसी चूक या दोहराव के क्षेत्र का स्पष्ट फ्रेम प्रदान करती है।
प्रशासनिक इकाइयों की भूमिका स्पष्ट
बैठक में राजस्व ग्राम को सबसे निचली प्रशासनिक इकाई बताया गया। एक राजस्व ग्राम में कई छोटी बस्तियां, टोला या पुरवा (हैमलेट) शामिल हो सकते हैं। नगर निकायों में वार्ड को स्थानीय प्रतिनिधित्व एवं चुनावों के लिए परिभाषित भौगोलिक क्षेत्र माना गया है।
विशिष्ट चार्ज के अंतर्गत रक्षा सेवाओं, सीआरपीएफ, बीएसएफ सहित अन्य सैन्य एवं अर्धसैनिक संगठनों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों के लिए निदेशक द्वारा संबंधित प्राधिकारियों से परामर्श कर विशेष प्रभारी अधिकारी नामित किए जाएंगे।
विभागों से मांगा गया विवरण
शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, पंचायतीराज विभाग, ग्राम विकास विभाग आदि से निर्वाचन प्रक्रिया की भांति निर्धारित प्रारूप पर कर्मचारियों की संख्या एवं विवरण एक्सेल शीट में तैयार कर सीएमएमएस पोर्टल पर आईडी बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, सभी नगर पालिका/नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाए, ताकि जनपद का सटीक आंकड़ा उपलब्ध हो सके।

9
1031 views

Comment