घर में आग लगने से गृहस्थी खाक, एक बैल की मौत
असोथर फतेहपुर संवाददाता।
असोथर थाना क्षेत्र के जमलामऊ गांव में अज्ञात कारणों के चलते एक कोठरीनुमा घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकाण्ड में जहां एक बैल की जलकर मौत हो गई वहीं दूसरा बैल समेत परिवार की महिलाएं व बच्चे झुलस गए। जिसका उपचार कराया गया। इस अग्निकाण्ड में लाखों रूपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जमलामऊ गांव निवासी राम प्रताप विश्वकर्मा का कच्चा कोठरीनुमा मकान है। रात्रि में अचानक घर में आग लग गई। आग बढ़ने पर परिवारीजनों की नींद खुली। बताया जाता है कि राम प्रताप घर में ही दो बैल भी पाले थे। जो आग की चपेट में आ गए। परिवार की महिलाएं व बच्चे आग बुझाने में जुट गए। आग बुझाते समय वह भी झुलस गये। इस अग्निकाण्ड में राम प्रताप विश्वकर्मा की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई वहीं एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। अग्निकाण्ड में झुलसे एक बैल व परिवार के लोगों का प्राथमिक उपचार कराया गया। आग बढ़ने पर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। आग के कारण लाखों रूपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अग्निकाण्ड के बाद परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।