logo

भोथीडीह हत्याकांड: चौथिया परघनी के दौरान विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या, 2 नाबालिग सहित 7 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी: जिले के ग्राम भोथीडीह में शुक्रवार की रात एक विवाह कार्यक्रम के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। परघनी (स्वागत) रस्म के दौरान नाचने को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि बाजा पार्टी के युवकों ने दूल्हा पक्ष के एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 बालिग और 2 नाबालिगों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

​➡️मामूली धक्का-मुक्की ने लिया हिंसक रूप
​जानकारी के अनुसार, गरियाबंद जिले के मालगांव निवासी टेटकूराम निषाद अपनी बेटी की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित 'चौथिया' कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम भोथीडीह आए थे। रात करीब 8:00 बजे बाजार चौक पर परघनी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान नाच-गान के बीच वधू पक्ष के चंदन निषाद और बाजा बजाने आए युवकों के बीच धक्का लगने को लेकर बहस शुरू हो गई।विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने तैश में आकर गाली-गलौज शुरू कर दी और पास रखे चाकू से चंदन निषाद पर प्राणघातक हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए तरुण ध्रुव और अन्य साथियों पर भी हमला किया गया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण चंदन निषाद की मौत हो गई, जबकि घायलों का उपचार जारी है।

➡️​पुलिस की मुस्तैदी: रात भर चली घेराबंदी
​घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने रात भर छापेमारी और घेराबंदी कर सभी 7 आरोपियों को दबोच लिया।
​गिरफ्तार आरोपी:
​तोषण चक्रधारी (18 वर्ष)
​अभिषेक पटेल (20 वर्ष)
​हिनेश उर्फ हिलेश्वर यादव (18 वर्ष)
​ताम्रज कंवर (18 वर्ष)
​गुलाब दीवान (20 वर्ष)
(इनके साथ 02 विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है)

​➡️नशे में नहीं थे आरोपी, न ही था कोई पुराना रिकॉर्ड :
​पुलिस जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि पकड़े गए आरोपी घटना के समय नशे में नहीं थे और न ही उनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। महज क्षणिक आवेश और आपसी विवाद के चलते इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 191(2), 191(3) सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

39
2993 views