logo

1019 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी पूरी, निर्भीक होकर करें मतदान – उपायुक्त


धनबाद: नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मतदाताओं से 23 फरवरी 2026 को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद के कुल 1019 बूथों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए 6000 से अधिक मतदान कर्मी तैनात रहेंगे। धनबाद नगर निगम को 6 सुपर जोन तथा पूरे जिले को 21 जोन में बांटा गया है। हर सुपर जोन में एक डीएसपी के नेतृत्व में 25 पुलिस पदाधिकारी रायट कंट्रोल गियर और वाटर कैनन के साथ मौजूद रहेंगे।

धनबाद नगर निगम में 8,99,841 तथा चिरकुंडा नगर परिषद में 36,976 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल 572 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। शाम 5 बजे तक लाइन में खड़े सभी मतदाताओं को टोकन देकर मतदान कराया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि इस बार चुनाव बैलेट पेपर से होगा। मेयर एवं अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी तथा वार्ड पार्षद के लिए सफेद बैलेट पेपर का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जिस प्रत्याशी को वोट देना है, उसके सामने निर्धारित कॉलम में स्पष्ट मुहर लगाएं और मतपत्र को सही तरीके से फोल्ड कर मतपेटी में डालें, ताकि वोट अमान्य न हो।

आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद उत्पाद विभाग ने 1241.40 लीटर शराब जब्त की है। 24 फरवरी सुबह 7 बजे तक जिले में ड्राई डे लागू रहेगा। किसी भी शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0326-2311860 जारी किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 4000 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। चिरकुंडा, झरिया, धनबाद और कतरास क्षेत्र में क्विक रिस्पांस टीम वाटर कैनन के साथ तैनात रहेगी। किसी भी सूचना पर मात्र 5 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि 23 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल भी सक्रिय है। जिला नियंत्रण कक्ष के अलावा कतरास, झरिया और चिरकुंडा में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।

प्रेस वार्ता के अंत में उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने विशेष रूप से पहली बार वोट देने वाले, युवा और शहरी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।

4
1414 views