logo

बुजुर्ग से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पर्दाफाशः पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार

भीलवाड़ा जिले की शम्भूगढ़ थाना पुलिस ने एक बुजुर्ग व्यक्ति से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी अकेले बुजुर्गों को निशाना बनाता था और उन्हें बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले जाकर लूट को अंजाम देता था।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य और वृताधिकारी गुलाबपुरा जितेन्द्रसिंह मेडतिया के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी ओमप्रकाश कासनिया के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को पकड़ा।

घटना 6 फरवरी 2026 की है, जब मोडी नगरी निवासी 70 वर्षीय चतुर्भुज गुर्जर मोटरास चौराहे जाने के लिए खड़े थे। एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने उन्हें लिफ्ट देने का झांसा दिया और सुनसान जगह मिठी मंगरी (प्रतापपुरा रोड) पर ले गया। वहां आरोपी ने चाकू दिखाकर बुजुर्ग के कानों से लगभग एक तोले की सोने की मुरकियां लूट लीं।

मुरकियां झपट्टा मारकर खींचने से वृद्ध के दोनों कानों की लोब कट गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। पीड़ित की शिकायत पर
शम्भूगढ़ थाने में प्रकरण संख्या 33/2026, धारा 304(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश उर्फ प्रकाश गुर्जर (27) निवासी झांकरा कालेसरिया, थाना देवगढ़, जिला राजसमंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद चालाक प्रवृत्ति का है। वह पेंट-शर्ट पहनकर और अपने पास लैपटॉप रखकर लोगों को भ्रमित करता था, ताकि उस पर कोई शक न करे।

वह ग्रामीण इलाकों में अकेले चल रहे वृद्धों को निशाना बनाता था। उन्हें मुफ्त शराब पिलाने या घर छोड़ने का लालच देकर सुनसान रास्तों पर ले जाता और फिर लूट को अंजाम देता था। वारदात के बाद वह कच्चे रास्तों से फरार हो जाता था और अपनी पहचान छिपाने के लिए मोबाइल, मोटरसाइकिल और क्षेत्र बदल देता था।

लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी संगीन अपराधों के 10 प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। वह बदनोर थाना क्षेत्र में भी वांछित चल रहा था।

0
0 views