logo

जनपद हापुड़ में जगह जगह अवैध प्लॉटिंग का मकड़जाल, बिना मानचित्र पास धड़ल्ले से बन रहे मकान

जनपद हापुड़ में बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध कॉलोनियों और प्लॉटिंग का खेल लगातार जारी है। सूत्रों के अनुसार कई स्थानों पर बिना एचपीडीए (हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण) से मानचित्र पास कराए ही मकानों का निर्माण किया जा रहा है और बड़े पैमाने पर प्लॉट काटे जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक हापुड़ शहर से लेकर असौड़ा, बुलंदशहर रोड, चितौली रोड, श्यामपुर, बाबूगढ़ छावनी, राम फार्म हाउस के पास बागड़पुर रोड, नए बाईपास के आसपास, आटा मिल वाले रास्ते, बछलोता रोड, शाहपुर चोपला, राजा की हवेली से पहले चोपला फाटक, सिखेड़ा, सिंभावली, हरोड़ा मोड़, हसूपुर मोड़, सरूरपुर, गढ़मुक्तेश्वर, हसूपुर फाटक के पास रेलवे लाइन, जमाईपुरा, ठंडा प्याऊ और नक्के कुएं के पास अवैध प्लॉटिंग का जाल फैला हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार एचपीडीए द्वारा कार्रवाई की गई, नोटिस जारी किए गए और निर्माण कार्य रुकवाया गया। यहां तक कि चेतावनी दी गई कि यदि कोई प्रॉपर्टी डीलर दोबारा अवैध कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि कार्रवाई के दो-चार दिन बाद ही फिर से निर्माण कार्य शुरू हो जाता है और अवैध प्लॉटिंग का कारोबार फिर से गति पकड़ लेता है।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर इन अवैध कॉलोनियों पर पूरी तरह रोक कब लगेगी? क्या पिलखुवा विकास प्राधिकरण इस पर ठोस और स्थायी कार्रवाई करेगा?
जनता का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में आम लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है, क्योंकि बिना स्वीकृति वाली कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं और कानूनी सुरक्षा का अभाव रहता है।

64
3422 views