logo

देवनगर चौराहे का यात्री प्रतीक्षालय बना शोपीस, गंदगी और टूटी कुर्सियों से यात्री परेशान


जालौन (उरई)। नगर के प्रमुख प्रवेश द्वार देवनगर चौराहे पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया प्रतीक्षालय बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। साफ-सफाई के अभाव और बैठने की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोगों को खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है।
देवनगर चौराहे से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री उत्तर प्रदेश परिवहन निगम तथा प्राइवेट बसों के माध्यम से सफर करते हैं। यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से क्षेत्र पंचायत कार्यालय के समीप लगभग 5 लाख रुपये की लागत से प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया था। यहां बैठने के लिए कुर्सियां और पेयजल के लिए टंकी भी लगाई गई थी।
लेकिन बीते दो वर्षों से पेयजल टंकी गायब है, जिससे यात्रियों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। वहीं प्रतीक्षालय में लगी चार कुर्सियों में से दो कुर्सियां टूट चुकी हैं और केवल दो ही कुर्सियां उपयोग योग्य बची हैं। फर्श पर फैली गंदगी, टूटी टाइल्स और गुटखे के दागों के कारण लोग बैठने से भी परहेज कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए इस प्रतीक्षालय की नियमित देखरेख नहीं हो रही है, जिससे यह सुविधा केंद्र अब अनुपयोगी साबित हो रहा है। राहगीरों और यात्रियों ने नगर प्रशासन से प्रतीक्षालय की साफ-सफाई, टूटी कुर्सियों की मरम्मत और पेयजल व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
रिपोर्ट
राजू पाटकार...

8
2651 views