
यूपी में मतदाता सूची पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी, 15 अप्रैल को अंतिम प्रकाशन
लखनऊ, 19 फरवरी 2026।
राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश ने त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के लिए संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर आगामी पंचायत चुनाव की तैयारी सुनिश्चित की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राज प्रताप सिंह द्वारा जारी आदेश के मुताबिक मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से संपन्न होगी।
7 जनवरी से 16 मार्च 2026
दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित प्रतियां तैयार करना, संबंधित कार्यालयों में जमा करना तथा मतदाताओं का सत्यापन।
21 फरवरी से 16 मार्च 2026
पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण और मूल सूची में समावेशन की कार्यवाही।
17 मार्च से 13 अप्रैल 2026
मतदान केंद्रों/स्थलों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, SVN आवंटन एवं सूची डाउनलोडिंग सहित अन्य तकनीकी कार्य।
15 अप्रैल 2026
निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे।
पुनरीक्षण अवधि में सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।
कार्यक्रम की सूचना सभी संबंधित कार्यालयों के सूचना पट पर चस्पा की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी, जिससे पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से कराए जा सकें।