logo

यातायात नियमों के उल्लंघन पर चला विशेष अभियान, 42 वाहनों का चालान

यातायात नियमों के उल्लंघन पर चला विशेष अभियान, 42 वाहनों का चालान


जय प्रकाश त्रिपाठी
जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर


सिद्धार्थनगर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाना, चार पहिया वाहन में सीटबेल्ट का प्रयोग न करना, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाना तथा हेलमेट का प्रयोग न करना जैसे मामलों में चालान किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात सुजीत राय के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात अमरेश कुमार मय टीम ने साड़ी तिराहा, पावर हाउस तिराहा, सिद्धार्थ तिराहा, पेट्रोल पंप तिराहा एवं कस्बा बांसी सहित विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पीए सिस्टम के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। रात्रि में दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। साथ ही सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े बड़े वाहनों, जिनसे दुर्घटना या जाम की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना थी, के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर उन्हें हटवाया गया।
विशेष अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने के संदेह में 10 वाहनों की चेकिंग की गई, जिसमें एक वाहन का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त सीटबेल्ट का प्रयोग न करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 42 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान ₹55,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे प्रत्येक दशा में यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जनपद को सुरक्षित बनाया जा सके।

5
197 views