
नेट–जेआरएफ उत्तीर्ण 40 छात्राओं को कुलपति ने किया सम्मानित
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) एवं जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को कुलपति महोदया द्वारा सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. अशोक वर्मा रहे।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में सफल छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। इस वर्ष विश्वविद्यालय की कुल 40 छात्राओं ने नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण कर तथा पीएच.डी. में प्रवेश प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विशेष रूप से राजनीति विज्ञान विषय में पूनम ने देशभर में टॉप-10 में स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य विषय में रेशु ने अखिल भारतीय स्तर पर 54वीं रैंक (AIR-54) तथा शिक्षा विषय में निकिता ने 58वीं रैंक (AIR-58) प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति महोदया ने की। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि नेट–जेआरएफ जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना केवल छात्राओं की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध संस्कृति और उत्कृष्टता का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते हुए छात्राएं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण एवं सार्थक भूमिका निभा सकती हैं।
कुलपति महोदया ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय का पाठ्यक्रम इस प्रकार विकसित किया जाना चाहिए जो छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पूर्णतः सक्षम बनाए तथा वे आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा का सामना कर सकें। उन्होंने नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपने अनुभव और सफलता के सूत्र जूनियर छात्राओं के साथ साझा करें, ताकि उनमें भी लक्ष्य प्राप्ति के प्रति प्रेरणा और आत्मविश्वास का संचार हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्राओं को शोध, नवाचार एवं अकादमिक गतिविधियों के लिए निरंतर प्रोत्साहन और हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।
इस अवसर पर कुलसचिव महोदय ने अपने संदेश में कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्राओं की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सफल छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी तथा वे भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहें।
इस अवसर पर कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. अशोक वर्मा ने अपने संदेश में कहा कि आईक्यूएसी का उद्देश्य विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता को निरंतर सुदृढ़ करना है। उन्होंने सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है और विश्वविद्यालय में शोध संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाएगी।
इस अवसर पर संबंधित विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों एवं छात्राओं ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
फोटो कैप्शन :-
01 नेट–जेआरएफ उत्तीर्ण छात्राएं अपने अनुभव साझा करती हुई
02 माननीय कुलपति एवं कुलसचिव के साथ नेट–जेआरएफ उत्तीर्ण छात्राओं का समूह चित्र