
सुदूर दियारा गाँव विशनपुर सैदअली में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सैकड़ों लाभार्थियों को मिली स्वास्थ्य सेवाएँ
बिदुपुर 19 फरवरी 2026:
जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बिदुपुर क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी के उस पार स्थित सुदूर दियारा गाँव विशनपुर सैदअली में गुरुवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह गाँव प्रतिवर्ष लगभग तीन महीनों तक बाढ़ से प्रभावित रहता है, जिससे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाता।
बाढ़ के दौरान पीपा पुल हट जाने और यातायात साधनों के अभाव के कारण ग्रामीणों का पीएचसी तक पहुँचना अत्यंत कठिन हो जाता है। जलस्तर सामान्य होने के बाद ही आवागमन बहाल हो पाता है। इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए PCI गावी परियोजना के जिला समन्वयक दीपक कुमार ने स्थिति से अवगत कराते हुए जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश से चर्चा की।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए डॉ. विशाल प्रकाश ने गाँव में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया तथा बिदुपुर पीएचसी से समन्वय के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन डॉ. श्यामनंदन प्रसाद के निर्देशन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश के मार्गदर्शन एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रेखा सिन्हा के नेतृत्व में शिविर का सफल संचालन किया गया।
शिविर में 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (ANC), ओपीडी के माध्यम से सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा परिवार नियोजन संबंधी सेवाएँ प्रदान की गईं। महिला एवं पुरुषों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।
कुछ ऐसे मरीजों की पहचान की गई, जिनका उपचार शिविर में संभव नहीं था। उन्हें आगे की चिकित्सा हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आने की सलाह दी गई।
शिविर का उद्घाटन डॉ. विशाल प्रकाश, पंचायत के मुखिया एवं वार्ड पार्षद अजय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने चादर ओढ़ाकर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को सम्मानित किया तथा स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।
शिविर में पीएचसी बिदुपुर से डॉ. रेखा सिन्हा, डॉ. सत्यम, डॉ. प्रभा प्रकाश, डॉ. कोमल, बीएचएम प्रकाश कुमार, बीसीएम चंदशेखर कुमार, एएनएम साधना, अल्पना, विभा सहित जीविका कैडर, विकास मित्र, आशा, आंगनबाड़ी सेविका, पंचायत प्रतिनिधि एवं गाँव के प्रभावशाली व्यक्ति उपस्थित रहे।
सहयोगी संस्थाओं से World Health Organization के एफएम मनोज कुमार, UNICEF के बीएमसी सुभाष कुमार, Population Council India (PCI) के प्रखंड समन्वयक लक्ष्मी कुमारी, रौशनी कुमारी, रोविन्स कुमार, जिला समन्वयक दीपक कुमार तथा जक्की अहमद, सिद्धार्थ कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे और आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से बाढ़ प्रभावित सुदूर क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है तथा नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।