
पटना के कंकड़बाग में कारोबारी की कार से 6.39 लाख और लैपटॉप बैग चोरी, CCTV में कैद हुए संदिग्ध..
पटना के कंकड़बाग इलाके में अपराधियों ने एक इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी की कार से लैपटॉप बैग सहित 6.39 लाख रुपये उड़ा लिए। घटना 90 फीट रोड के पास की है, जो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कारोबारी ओमप्रकाश के अनुसार, मंगलवार शाम वह अपने कार्यालय से घर जाने वाले थे। उनका ऑफिस 90 फीट रोड पर ही स्थित है। इसी दौरान एक कर्मचारी ने उनकी गाड़ी में दो बैग रखे—एक में नकद 6.39 लाख रुपये और दूसरे में लैपटॉप था। जैसे ही वह गाड़ी के पास पहुंचे, एक बदमाश ने दरवाजा खोला और दोनों काले रंग के बैग लेकर 90 फीट बाईपास की ओर फरार हो गया।
CCTV में दिखे चार-पांच संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी। फुटेज में चार-पांच संदिग्ध युवक दुकान के सामने गाड़ी की रेकी करते दिखाई दिए। इनमें से एक युवक आराम से कार के पास पहुंचता है, दरवाजा खोलता है और दोनों बैग लेकर भाग जाता है। अन्य संदिग्ध भी इसके बाद मौके से निकल जाते हैं। आरोपित की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
कंकड़बाग थानेदार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
पिछले वर्ष दिसंबर में न्यू बाईपास इलाके में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां बदमाशों ने कार से धुआं निकलने की बात कहकर चालक का ध्यान भटकाया और बैग उड़ा लिया था। बैग में लाखों रुपये के गहने, लैपटॉप, मोबाइल और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह एक संगठित गिरोह है जो बैंकों और शोरूम के बाहर रेकी करता है। गिरोह के सदस्य अलग-अलग भूमिकाओं में रहते हैं और चालक का ध्यान भटकाकर कार का लॉक खुलवाने की कोशिश करते हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह की तलाश में छापेमारी कर रही है।