logo

यातायात प्रतिबंध से प्रभावित रोजी-रोटी, ई-रिक्शा चालकों ने दी आंदोलन की चेतावनी



वाराणसी। आदित्यनगर पोखरा मलियाना क्षेत्र में लगाए गए यातायात प्रतिबंध के विरोध में ई-रिक्शा चालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें हजारों चालकों की रोजी-रोटी पर संकट गहराने की बात कही गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समस्याओं के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी, अन्यथा आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।


आदित्यनगर क्षेत्र में हुई बैठक
वाराणसी में ई-रिक्शा चालक कल्याण समिति की बैठक अध्यक्ष घनश्याम यादव के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। यह बैठक आदित्यनगर पोखरा मलियाना क्षेत्र में रूट नंबर 4 के सभी ई-रिक्शा चालक एवं मालिकों की समस्याओं को लेकर बुलाई गई थी। बैठक में बड़ी संख्या में चालक और वाहन मालिक उपस्थित रहे।

जबरन यू-टर्न से आय पर असर
चालकों ने बताया कि लंका चौराहा से आने के बाद प्रशासन द्वारा जबरन यू-टर्न करवाए जाने से यात्रियों को लेने-छोड़ने में काफी कठिनाई हो रही है। इससे यात्रियों की संख्या में कमी आई है और आय पर सीधा असर पड़ा है। समिति ने मांग की है कि बीच मार्ग में ई-रिक्शा (टोटो) के लिए कट या वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके और चालकों की आजीविका प्रभावित न हो।

जबरन चालान पर रोष
बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठा कि प्रशासन द्वारा कथित रूप से जबरन चालान काटे जा रहे हैं। चालकों का कहना है कि इससे उनमें भय और असंतोष का माहौल है। समिति ने मांग की कि अनावश्यक चालान की कार्रवाई तत्काल रोकी जाए और यातायात नियमों को व्यवहारिक व जनहित में लागू किया जाए।

समाधान न हुआ तो हड़ताल
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो रूट नंबर 4 के सभी ई-रिक्शा चालक पूर्ण रूप से हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। समिति ने सभी चालक एवं मालिकों से आंदोलन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है।
समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की है, अन्यथा व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है।

11
813 views