
अपराध मुक्त राउरकेला के लिए पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अपराध मुक्त राउरकेला के लिए पुलिस का मेगा ऑपरेशन,
उदितनगर से बंडामुंडा तक दर्जनभर ठिकानों पर छापेमारी,
छापामारी का कारण क्रिकेट बेटिंग कनेक्शन बताया जा रहा है,
अबतक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है, पूरी कार्रवाई को गुप्त रखा गया है।
राउरकेला में अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने बुधवार की अहले सुबह मेगा ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई के तहत उदितनगर, प्लांट साइट और बंडामुंडा सहित शहर के विभिन्न इलाकों में दर्जनभर से अधिक संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर में हलचल मच गई और लोग घंटों पुलिस गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। सूत्रों के अनुसार, यह कार्यवाही पुलिस कप्तान नितेश वाधवानी के निर्देश पर की जा रही है, जिसमें शहर के विभिन्न थानों की टीमें शामिल रहीं। पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध को भनक न लग सके।
ज़्यादा जानें
Rourkela
राउरकेला
विशेष रूप से बिरसा डहर क्षेत्र में हुई छापामारी शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कई गाड़ियां देर रात तक इलाके में सक्रिय रहीं, जिससे उत्सुकता और आशंकाओं का माहौल बना रहा।
प्राथमिक पड़ताल और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ हो सकती है। हाल के दिनों में शहर के एक व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी में लगभग एक करोड़ रुपये गंवाने की बात सामने आई थी। उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया हो, ऐसी चर्चा जोरों पर है।
हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। छापेमारी में शामिल अधिकारी और कर्मचारी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं और किसी भी प्रकार की टिप्पणी से बचते नजर आए।
अधिकृत बयान आने के बाद ही इस मेगा ऑपरेशन के वास्तविक उद्देश्य और परिणामों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल, अपराध मुक्त शहर के संकल्प के साथ पुलिस की यह कार्रवाई राउरकेला में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।