logo

वाराणसी : कचहरी पर कलर कोडेड पार्किंग व्यवस्था, निर्धारित स्थल पर ही पार्क होंगे वकीले के वाहन, जारी होगा पास, जाम से मिलेगी राहत


वाराणसी। कचहरी क्षेत्र में लंबे समय से अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लगने वाले जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की पहल पर कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी गई है। गुरुवार को इस नई व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ किया गया। पुलिस आयुक्त ने स्वयं अधिवक्ताओं के वाहनों पर पार्किंग पास चस्पा कर अभियान की शुरुआत की। इस योजना के तहत सेन्ट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन में पंजीकृत अधिवक्ताओं को उनके COP नंबर के आधार पर निःशुल्क वाहन पार्किंग पास चरणबद्ध तरीके से वितरित किए जा रहे हैं।



प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सेन्ट्रल बार एसोसिएशन में 7637 और बनारस बार एसोसिएशन में 5604 अधिवक्ता पंजीकृत हैं। सभी पात्र अधिवक्ताओं को सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था के तहत पास उपलब्ध कराए जाएंगे। इस कदम से कचहरी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग पर अंकुश लगेगा।

नई व्यवस्था के तहत पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया गया है। हरी पट्टी के भीतर दोपहिया वाहनों तथा पीली पट्टी के भीतर चारपहिया वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त निर्धारित स्थानों के बाहर सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी, जिससे मार्ग अतिक्रमण मुक्त होगा और आमजन का आवागमन सुचारू व सुरक्षित रूप से हो सकेगा।


यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग के शीर्ष तल पर भी एक सप्ताह के भीतर पार्किंग सुविधा शुरू की जाएगी। इससे लगभग 500 अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे कचहरी क्षेत्र में जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। इस अवसर पर दोनों बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

9
527 views