logo

अपने जन्मदिन पर केक लेने जा रहे बच्चे को ट्रक ने रौंदा, लोगों ने सड़क पर लगाया जाम

भोजपुर के कृष्णगढ़ में जन्मदिन का केक लेने जा रहे नौ वर्षीय प्रतीक कुमार को एक ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना घांघर गांव के पास हुई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। परिवार में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं।
भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के घांघर गांव के समीप बुधवार की शाम अपनी ही जन्मतिथि का केक लेने जा रहे एक बालक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक की इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई।
हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर कृष्णगढ़ थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया।
मृत बालक की पहचान कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के सदासी सिंह के इंग्लिश गांव निवासी सुजीत कुमार सिंह के नौ वर्षीय पुत्र प्रतीक कुमार के रूप में हुई है। इधर, दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोग सड़क पर उतर गए और सरैया-सिन्हा पथ को जाम कर काफी देर हो-हंगामा किया।
इधर, मृतक के चाचा राजू सिंह ने बताया कि बुधवार को प्रतीक कुमार की जन्मतिथि थी। वह सरैया बाजार से केक लाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान घांघर गांव में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी और उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्वजन उसे पहले सरैया बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खुशियों का माहौल मातम में बदला
प्रतीक कुमार तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां नेहा देवी तथा दो भाई अनिकेत कुमार और अंश कुमार हैं। जहां एक ओर घर में जन्मदिन की खुशियों की तैयारी चल रही थी, घर सजा हुआ था और जश्न का माहौल था, वहीं दूसरी ओर अचानक आई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

प्रतीक कुमार की जन्मतिथि ही उसकी जिंदगी का आखिरी दिन बन गया। हादसे के बाद मृत बालक के घर में कोहराम मच गया है। मां नेहा देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।

0
46 views