logo

बाबा इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल टेबलेट

संवाददाता: देव ठाकुर

बिल्सी: नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (नेशनल डीवॉर्मिंग डे) के अंतर्गत कक्षा पीजी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल टेबलेट खिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखना तथा उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाना रहा।

विद्यालय परिसर में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षकों की देखरेख में बच्चों को दवा दी गई। इस अवसर पर बच्चों को स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, साफ पानी के सेवन और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार कृमि संक्रमण एक सामान्य लेकिन गंभीर समस्या है, जो बच्चों की शारीरिक वृद्धि, एकाग्रता और पोषण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। समय-समय पर दवा सेवन से इस समस्या से प्रभावी रूप से बचाव संभव है। विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की शुरुआत वर्ष 2015 में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा की गई थी। यह विश्व के सबसे बड़े सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियानों में से एक है, जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक बच्चे को कृमि मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल का पूर्ण समर्थन करता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य ही राष्ट्र का भविष्य है। स्वस्थ एवं पोषित बच्चे ही एक सशक्त समाज का निर्माण करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के खान-पान, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान दें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहा और उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। संवाद

4
855 views