logo

दालमंडी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान दुकानदार ने पेट्रोल छिड़ककर दुकान में लगाई आग, मची अफरातफरी, पुलिस ने कई को हिरासत में लिया



वाराणसी। दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान सोमवार को दुकानदार ने पेट्रोल छिड़ककर दुकान में आग लगा दी। इससे कुछ समय के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर तैनात भारी पुलिस फोर्स और अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हंगामा कर रहे कई स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को हिरासत में ले लिया।


दरअसल, नगर निगम की ओर से दालमंडी में 21 मकानों को जर्जर घोषित किया गया है। इसको लेकर दुकानदारों को नोटिस भेजी गई थी। सोमवार को एडीएम सिटी आलोक कुमार और डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल के नेतृत्व में प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। इससे दुकानदार और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। लामबंद दुकानदारों ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का जमकर विरोध किया। इसी दौरान एक दुकानदार ने पेट्रोल छिड़ककर अपनी दुकान में आग लगा ली। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।


वहीं दुकानदार भी कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान अधिकारियों से तीखी बहस हुई। दुकानदारों का आरोप था कि नगर निगम ने बिना किसी सर्वे के भवनों को जर्जर घोषित कर दिया गया। इसके दूसरे दिन ही नोटिस भेज दी गई। वहीं सोमवार को भवनों को ध्वस्त करने के लिए प्रशासन पहुंच गया। कहा कि नोटिस का जवाब दिया जा चुका है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से भवनों को ध्वस्त कराया जा रहा है।




वहीं अधिकारियों का कहना है कि हाल में आसपास हुए निर्माण कार्यों और तोड़फोड़ के कारण इन इमारतों की स्थिति और भी संवेदनशील हो गई थी। ऐसे में कार्रवाई की जा रही है। संबंधित अधिकारी ने मुआवजे को लेकर स्थिति स्पष्ट की। बताया कि जर्जर घोषित पुराने मकानों के ध्वस्तीकरण में मुआवजे का प्रावधान नहीं है, हालांकि जमीन का स्वामित्व प्रभावित लोगों के पास ही रहेगा। दालमंडी में कार्रवाई के दौरान तनाव को देखते हुए मौके पर 500 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। वहीं एडीएम सिटी, डीसीपी, एसीपी के साथ भारी फोर्स तैनात रही।
डीसीपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक अराजक व्यक्ति ने पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली। उसे चिह्नित कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। दालमंडी में जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर स्थिति नियंत्रण में है।

8
170 views