logo

जिला कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी में नहीं होंगे 51 से ज्यादा पदाधिकारी, पीसीसी ने मांगे नाम

कांग्रेस में जंबो कार्यकारिणी की परिपाटी को खत्म करते हुए जिला कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की अधिकतम संख्या 51 तय कर दी गई है। नई कार्यकारिणी गठन में नए नियमों की पालना करनी होगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस कमेटी से नाम भी मांगे हैं।
पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कार्यकारिणी गठन के लिए पीसीसी द्वारा जारी नई गाइडलाइन के अनुसार जिला कार्यकारिणी का गठन आबादी के अनुपात और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। जिलाध्यक्ष अपने जिले की विधानसभा सीटों की संख्या के आधार पर कार्यकारिणी का गठन करेंगे।
जिन जिलों में एक से तीन विधानसभा क्षेत्र हैं, वहां अधिकतम 31 और इससे अधिक विधानसभा क्षेत्र होने पर अधिकतम 51 सदस्य रखे जा सकेंगे। झालावाड़ जिले में चार विधानसभा क्षेत्र हैं। इसके तहत यहां पर 51 सदस्य कांग्रेस की नई टीम में होंगे। पीसीसी ने स्पष्ट किया है कि जिला कार्यकारिणी में कम से कम 50 फीसदी प्रतिनिधित्व अजा, अजजा, ओबीसी, अल्पसंख्यक और महिलाओं का होना अनिवार्य होगा।
इस अनुपात के बिना सूची को स्वीकृति नहीं दी जाएगी। कांग्रेस संविधान के अनुसार डीसीसी में पूर्व जिलाध्यक्षों, अग्रिम संगठनों के अध्यक्षों को भी कार्यकारिणी के पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। ये सदस्य 51 पदाधिकारियों के अलावा होंगे। ^पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटसरा ने जिला कार्यकारिणी के लिए पदाधिकारियों की सूची मांगी है। यह सूची भेजी जा रही है। कार्यकारिणी का गठन संभवतया इसी माह होना है। - वीरेंद्र सिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष कांग्रेस झालावाड़।

Aima media jhalawar







0
0 views