
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना : द्वारका–सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन आज होगी रवाना
छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले से चयनित तीर्थ यात्रियों को द्वारका–सोमनाथ तीर्थ यात्रा पर भेजने हेतु विशेष ट्रेन आज 09 फरवरी 2026 (सोमवार) को रवाना होगी। यात्रा की समय-सारणी 09 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के तहत संचालित विशेष ट्रेन आज शाम 07:30 बजे छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी। चयनित तीर्थ यात्रियों की सूची संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों को पूर्व में उपलब्ध कराई जा चुकी है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी चयनित तीर्थ यात्रियों को आज शाम 06:30 बजे तक छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन द्वारा यात्रियों को स्टेशन तक लाने एवं विशेष ट्रेन में बैठाने की समस्त व्यवस्था और दायित्व आयुक्त नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत छिंदवाड़ा को सौंपे गए हैं। इस कार्य के लिए संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाएगी। कर्मचारी यात्रियों की गणना कर उन्हें ट्रेन में बैठाकर प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी धर्मस्व शाखा श्री रमेश कुमार मेहरा ने बताया कि तीर्थ यात्रा पर जाने वाले सभी चयनित यात्रियों को अपने साथ यात्रा टिकट एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा पैन कार्ड में से कोई एक स्वीकार्य होगा।
उन्होंने बताया कि नियत तिथि एवं समय पर विशेष ट्रेन छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से द्वारका–सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए प्रस्थान करेगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके क्षेत्र के सभी चयनित यात्रियों को प्रस्थान स्थल, समय-सारणी एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी पूर्व से उपलब्ध करा दी जाए।