
बाबा इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने देखा परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम 2026 का लाइव प्रसारण
संवाददाता: देव ठाकुर
बिल्सी: नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार कों परीक्षा पे चर्चा 2026 कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा उत्साहपूर्वक देखा गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से संवाद स्थापित करने हेतु आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करना तथा विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं आत्मविश्वासपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का अंत नहीं, बल्कि सीखने और आत्म-मूल्यांकन का एक महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अंकों के दबाव से मुक्त होकर ज्ञान अर्जन, समझ और कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। समय प्रबंधन, आत्म-अनुशासन, नियमित अध्ययन, संतुलित दिनचर्या तथा स्वस्थ जीवनशैली को सफलता के प्रमुख आधार बताया गया।
प्रधानमंत्री जी ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच बनाए रखने, अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने और असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डिजिटल माध्यमों और मोबाइल के सीमित उपयोग पर भी बल दिया तथा अभिभावकों और शिक्षकों को विद्यार्थियों के भावनात्मक संबल का आधार बताया।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा पे चर्चा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं और उनमें आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि जीवन के लिए तैयार करना है, और इस प्रकार के प्रेरणादायक संवाद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया ने भी माननीय प्रधानमंत्री जी के संदेश की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को तनाव-मुक्त वातावरण प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय निरंतर ऐसे शैक्षिक एवं मार्गदर्शक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं आत्म-विश्वास का विकास हो।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी तथा समस्त स्टाफ मौजूद रहा | संवाद