logo

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया दौरा

जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आगामी 18 फरवरी को डिब्रूगढ़ तथा 19 फरवरी को तिनसुकिया का दौरा करेंगे। यह दौरा असम में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जमीनी स्तर पर मजबूती को लेकर अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा लॉजिस्टिक प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे दौरे के दौरान आपसी समन्वय और अनुशासन बनाए रखें, ताकि सभी कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

उल्लेखनीय है कि नितिन नबीन ने जनवरी 2026 में भारतीय जनता पार्टी के 16वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया था। मात्र 45 वर्ष की आयु में इस पद पर पहुंचने वाले वे पार्टी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे, संगठनात्मक समीक्षा करेंगे तथा भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर विशेष जोर देंगे। उनके इस दौरे से असम में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

0
46 views