logo

रहस्यमयी मौत से दहला महकमा: बस्ती के दरोगा अजय गौड़ की अयोध्या में मिली लाश, उठे कई सवाल..


बस्ती/अयोध्या | 9 फरवरी
बस्ती में तैनात दरोगा अजय गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में अयोध्या की सरयू नदी से लाश मिलने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी को एसएसआई अजय गौड़ रहस्यमय ढंग से अचानक लापता हो गए थे। उनकी तलाश में लगातार तीन दिनों तक दिन-रात खोज अभियान चलाया गया, लेकिन अंततः उनकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
बताया जा रहा है कि परशुरामपुर थाने के एसओ विश्व मोहन राय छुट्टी पर थे, जिसके चलते अजय गौड़ प्रभारी एसओ के रूप में कार्यभार संभाल रहे थे। जैसे ही उनके लापता होने की सूचना मिली, छुट्टी पर गए थानेदार तत्काल वापस लौट आए और तलाश तेज कर दी गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में अजय गौड़ को बस्ती मुख्यालय तक जाते देखा गया, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
कुवानों नदी के किनारे उनकी कार बरामद होने से अनहोनी की आशंका और गहरा गई थी। तीसरे दिन अयोध्या की सरयू नदी में उनका शव मिलने से पूरा मामला और भी रहस्यमय बन गया।
दरोगा की आखिरी यात्रा अब भी सवालों के घेरे में है—
क्या यह हादसा है?
आत्महत्या है?
या फिर किसी साजिश का नतीजा?
फिलहाल पुलिस लगातार जांच में जुटी है, लेकिन सच अब तक सामने नहीं आ सका है।
इधर, परशुरामपुर थाना शोक में डूबा हुआ है। सहकर्मियों की आंखें नम हैं और पूरे विभाग में गहरा दुख और पीड़ा का माहौल है। अजय गौड़ की असमय मौत कई अनुत्तरित प्रश्न छोड़ गई है, जिनका जवाब अब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
📌 AIMA MEDIA NEWS

0
0 views