जालौन में युवक से मारपीट, शिकायत पर दी जान से मारने की धमकी
जालौन। कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला खंडेराव निवासी दीपक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार दोपहर वह अपने साथी रामू के साथ उसके घर के बाहर बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही एक युवक वहां आया और बैठने को लेकर आपत्ति जताने लगा। जब दीपक ने विरोध का कारण पूछा तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि मना करने पर आरोपी ने बेल्ट से दीपक की पिटाई कर दी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ वहां से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट राजू पाटकार....