logo

आरा में भारी-भरकम चालान से नाराज ऑटो चालक के आत्मदाह प्रयास के बाद चक्का जाम; डीटीओ के खिलाफ प्रदर्शन

आरा। ऑनलाइन चालान काटे जाने से नाराज होकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले ऑटो चालक राजा कुमार के मामले को लेकर रविवार की सुबह शहर के सभी ऑटो चालक हड़ताल पर रहे। टाउन थाना क्षेत्र के पुरानी पुलिस लाइन मोड़ और सिंडिकेट मोड़ पर ऑटो चालकों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा टायर जलाकर आगजनी भी की गई।सड़क जाम के कारण करीब दो से तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि घायल ऑटो चालक राजा कुमार का सरकारी खर्च पर इलाज कराया जाए तथा भोजपुर डीटीओ पर जिला प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे। सड़क जाम भाकपा-माले नेता अमित कुमार बंटी एवं कयामुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में किया गया।

बाद में सदर एसडीपीओ राज कुमार साह और ट्रैफिक डीएसपी मनोज सुधांशु ने वहां पहुंच किसी तरह यातायात बहाल कराया।

आरा नगर में आक्रोश मार्च निकाला गया
इस दौरान आरा नगर में आक्रोश मार्च निकाला गया। यह मार्च क्रांति पार्क से शुरू होकर नगर भ्रमण करते हुए स्टेशन पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया। मार्च में बड़ी संख्या में टेंपो चालक और राजा कुमार के परिजन शामिल थे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाकपा-माले नेता अमित कुमार बंटी ने कहा कि मनमाने तरीके से चालान काटे जाने के दबाव में आकर ऑटो चालक राजा कुमार ने आत्महत्या का प्रयास किया, जो सीधे तौर पर परिवहन विभाग की लापरवाही का परिणाम है।

सात हजार रुपये का चालान भरा गया
उन्होंने बताया कि राजा कुमार द्वारा एक सप्ताह पूर्व ही सात हजार रुपये का चालान भरा गया था। बावजूद इसके, आठ फरवरी को दोबारा नौ हजार रुपये का चालान काट दिया गया। गरीब परिवार से आने वाले राजा कुमार ने लोन लेकर ऑटो खरीदा है और वह इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।

उन्होंने कहा कि बार-बार भारी-भरकम चालान काटे जाने से चालक मानसिक तनाव में आ जाते हैं। इसी मजबूरी में राजा कुमार ने आत्मदाह का प्रयास किया। उन्होंने दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई करने, पीड़ित चालक को मुआवजा देने और उसका इलाज पूरी तरह सरकारी खर्च पर कराने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि टाउन थाना क्षेत्र के नाला मोड़ निवासी स्व. दीनदयाल का पुत्र एवं ऑटो चालक राजा कुमार ने शनिवार की शाम पुरानी पुलिस लाइन मोड़ पर खुद पर पेट्रोल छिड़क आत्मदाह का प्रयास किया था। मौके पर मौजूद अन्य चालकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था।
जिला प्रशासन ने कहा- केवल एक बार कटा गया चालान
इधर, जिला प्रशासन ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि संबंधित ऑटो चालक के विरुद्ध केवल एक बार ही चालान काटा गया था। यह कार्रवाई 25 जनवरी 2026 को वाहन जांच के दौरान विधिसम्मत रूप से की गई।

जांच के दौरान वाहन का फिटनेस प्रमाण पत्र एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र अवधि-समाप्त (एक्सपायर्ड) पाया गया। साथ ही चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इन अनियमितताओं के कारण मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कुल सात का न्यूनतम अर्थदंड अधिरोपित किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इसके पहले अथवा बाद में उक्त वाहन पर कोई अतिरिक्त चालान नहीं काटा गया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि असत्य एवं अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

0
99 views