logo

आरा में ऑनलाइन चालान से परेशान ऑटो चालक ने किया आत्मदाह का प्रयास, बाल-बाल बची जान

आरा में एक ऑटो चालक ने ऑनलाइन चालान कटने से नाराज होकर आत्मदाह का प्रयास किया। राजा कुमार नामक चालक ने पुराना पुलिस लाइन मोड़ पर अपने ऑटो से पेट्रोल निकालकर खुद पर छिड़ककर आग लगा ली। अन्य चालकों ने तुरंत आग बुझाकर उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई।
आरा। टाउन थाना क्षेत्र के पुराना पुलिस लाइन मोड़ पर शनिवार की शाम ऑनलाइन चालान कटने से नाराज एक ऑटो चालक ने आत्मदाह का असफल प्रयास किया।

इस दौरान वहां मौजूद अन्य ऑटो चालकों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर स्वजन भी अस्पताल पहुंचे।

पीड़ित घायल ऑटो चालक टाउन थाना क्षेत्र के नाला मोड़ निवासी स्व. दीनदयाल का पुत्र राजा कुमार है। वह पेशे से ऑटो चालक है और स्टेशन सिंडिकेट से जुड़कर ऑटो चलाता है।

स्वजन ने बताया कि कुछ माह पूर्व भी उसका नौ हजार रुपये का ऑनलाइन चालान कट चुका था, जिसका भुगतान उन्होंने किया था। शनिवार को फिर सात हजार रुपये का ऑनलाइन चालान कटने से वे काफी नाराज हो गए।

इसी गुस्से में उसने पुराना पुलिस लाइन मोड़ पर ऑटो खड़ा कर अपने ही ऑटो से पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़क कर आग लगा ली।

हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य ऑटो चालकों ने तत्काल आग बुझाई और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई।

पीड़ित के स्वजन ने बताया कि वे लोग आर्थिक रूप से कमजोर हैं। किश्त पर ऑटो लिया गया है और उस पर कर्ज भी चल रहा है। ऐसे में बार-बार भारी राशि का चालान कटने से परिवार पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

0
88 views