logo

रायगढ़ में देह व्यापार के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई पीटा एक्ट के तहत तीसरी बड़ी रेड

रायगढ़, 8 फरवरी।
रायगढ़ जिले में अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में शहर में पीटा एक्ट के तहत सप्ताह भर के भीतर तीसरी प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के बोईरदादर इलाके में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया गया।
पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि बोईरदादर चर्च के पास रहने वाला नारायण वैष्णव अपने मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का संचालन कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में योजना बनाकर कार्रवाई की गई। पुलिस ने पहले सूचना की तस्दीक के लिए एक प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। जैसे ही संकेत प्राप्त हुआ, चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित घेराबंदी कर मकान पर सटीक रेड की।
रेड के दौरान मकान के भीतर आरोपी नारायण वैष्णव एवं एक संदिग्ध महिला मौके पर मौजूद मिले। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपने मकान में पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाता था और अनैतिक देह व्यापार कराता था। आरोपी स्वयं पूरे अवैध कारोबार का संचालन और दलाली करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹2,000 नकद, दो मोबाइल फोन (ओप्पो और रेडमी) तथा आपत्तिजनक सामग्री जप्त की है। आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर प्रभारी उप निरीक्षक जी.एल. साहू, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, शांति मिरी, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल एवं नवीन शुक्ला तथा महिला थाना से मालती पैंकरा, महिला आरक्षक इंदुलता एक्का एवं एलीसा टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायण वैष्णव पिता भुवनेश्वर वैष्णव, उम्र 55 वर्ष, निवासी बोईरदादर चर्च के पास, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
कार्रवाई को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा एवं अन्य सामाजिक बुराइयों के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

1
311 views