logo

एडीएम ने चिकसाना ग्राम उत्थान शिविर का किया निरीक्षण,योजनाओं के लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र

भरतपुर, 07 फरवरी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर में ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र नागरिकों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा ने सेवर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत चिकसाना में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने शिविर में लगाए गए कृषि, पशुपालन, सहकारिता , राजस्व, जल संसाधन, ऊर्जा, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभिन्न 13 विभागों के स्टालों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक की जानकारी ली। इस दौरान किसानों की सहमति से भूमि विभाजन, आवासीय स्वामित्व कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों एवं पशुपालकों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित कृषि एवं पशुपालन विभाग की योजनाओं के प्रति अधिकाधिक जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से 13 विभागों से संबंधित योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को समय और संसाधनों की बचत के साथ राहत मिल रही है।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि आने वाला समय उन्नत खेती एवं दुग्ध उत्पादन के माध्यम से आय बढ़ाने का है। किसान सरकार की अनुदान योजनाओं का लाभ लेकर बागवानी, उन्नत खेती एवं सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों को अपनाएं, जिससे उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ जल संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने पशु नस्ल सुधार एवं बीमा योजनाओं का लाभ उठाकर दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने का आह्वान किया।
विभिन्न योजनाओं में मिला लाभ
ग्राम पंचायत चिकसाना में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर के दौरान कृषि विभाग की तारबंदी योजना में 36 आवेदन, पाइपलाइन योजना में 34 आवेदन तथा फार्म पॉन्ड योजना में 31 आवेदन प्राप्त हुए। मृदा स्वास्थ्य कार्ड के 112 कार्ड वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग में सोलर पंप हेतु 1 आवेदन तथा ड्रिप सिंचाई योजना में 177 आवेदन प्राप्त हुए। किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 8 आवेदन दर्ज किए गए।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 84 आवेदन प्राप्त हुए तथा 236 पशुओं को प्राथमिक चिकित्सा एवं कृमिनाशक औषधि पिलाई गई। वीबीजी रामजी अभियान के अंतर्गत 403 लोगों को जानकारी दी गई। इसके साथ ही 37 स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए एवं पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत 38 लोगों का पंजीयन किया गया।
इस अवसर पर भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, विकास अधिकारी विनय मित्र, अतिरिक्त विकास अधिकारी विजयपाल, ग्राम पंचायत चिकसाना के सरपंच मानसिंह सहित अन्य उपखंड क्षेत्र के सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

0
65 views