logo

उन्नाव: कार ट्रेलर डीसीएम की टक्कर,से चार जिंदगियाँ बाल-बाल बचीं सवाल ट्रैफिक व्यवस्था पर

उन्नाव।
शनिवार का दिन भल्लाफार्म हाईवे पर उस वक्त सनसनी में बदल गया, जब एक कार अचानक हादसों की जद में आ गई। सोहरामऊ थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से निकलते ट्रेलर, पीछे से आते डीसीएम और बीच में फंसी कार—तीनों की जोरदार टक्कर ने कुछ पलों के लिए अफरा-तफरी मचा दी। राहत की बात यह रही कि कार सवार चारों लोग चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच निकले।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लखनऊ से कानपुर-बिठूर लौट रहे 40 वर्षीय अरविंद अपनी पत्नी सुनीता, बच्चों और चालक के साथ सफर में थे। भल्लाफार्म के पास एक पेट्रोल पंप से अचानक ट्रेलर के मुड़ते ही उनकी कार उससे जा टकराई। इससे पहले कि संभलने का मौका मिलता, पीछे से आ रहे डीसीएम ने भी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े और कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए। सूचना पर सोहरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक श्यामकिशोर मिश्रा ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया।

थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। तीनों वाहन स्वामियों ने आपसी सहमति से नुकसान का आकलन कर मामला मौके पर ही निपटा लिया।

*यह घटना एक बार फिर सवाल छोड़ गई—हाईवे पर बिना संकेत अचानक मुड़ते भारी वाहन कब सबक बनेंगे?*
इस बार तो किस्मत ने साथ दिया, वरना मंजर कुछ और भी हो सकता था।

1
601 views
1 comment  
  • Malkhan Rawat

    आप अपनी बात हमें कमेंट के माध्यम से जरूर दे