logo

नगर निकाय चुनाव में सुरक्षा को लेकर एसएसपी का सख्त संदेश, सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी

धनबाद।
नगर निकाय चुनाव के तहत प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित होने के बाद धनबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री प्रभात कुमार ने सभी प्रत्याशियों और आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश जारी किया है।

एसएसपी ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और इसे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की अपील करते हुए किसी भी प्रकार के उकसावे, भड़काऊ भाषण, अफवाह या सांप्रदायिक टिप्पणी से बचने को कहा।

सोशल मीडिया पर कड़ी नजर, हेट स्पीच पर सीधी कार्रवाई
एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे पैनी निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने, सांप्रदायिक तनाव पैदा करने, फर्जी वीडियो या एडिटेड फोटो प्रसारित करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में सीधा मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी भी की जाएगी।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि व्हाट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया पेज के एडमिन भी जिम्मेदार होंगे। यदि किसी ग्रुप में आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री प्रसारित होती है और उसे समय पर नहीं हटाया गया, तो एडमिन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जुलूस और सभाओं के लिए अनुमति अनिवार्य
एसएसपी ने प्रत्याशियों को निर्देश दिया कि किसी भी चुनावी सभा, जुलूस या रोड शो से पहले प्रशासन से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य है। निर्धारित रूट और समय का पालन नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान की अपील
एसएसपी ने आम नागरिकों और मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यदि किसी प्रकार की धमकी, दबाव, लालच, अवैध वसूली या चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8210840901 पर सूचना दें।

उन्होंने बताया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल, सशस्त्र बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्ती बढ़ा दी गई है।

अंत में एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने भरोसा दिलाया कि पूरे चुनाव के दौरान धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए नागरिकों का सहयोग सबसे अहम है।

13
1177 views