logo

*अंतरराज्यीय-अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन वाला मोबाइल चोर गिरफ्तार*

पश्चिम चंपारण,बिहार_
_दिनांक:- 07-02-2026_

कुमारबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहिअरिया चौक के समीप स्थित उमा इंटरप्राइजेज नामक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का बेतिया पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिनांक 02 जनवरी 2026 को उक्त मोबाइल दुकान में चोरी की घटना घटित हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण, बेतिया के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त अभियुक्त तूफानी अंसारी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तूफानी अंसारी, पिता अहमद अंसारी, निवासी जोलगंवा, थाना जितना, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

अभियुक्त ने यह भी खुलासा किया कि चोरी किए गए अन्य मोबाइल फोन नेपाल के कोलवी थाना क्षेत्र में अपने एक अपराधी साथी के पास रखे गए हैं। इस संबंध में शेष मोबाइलों की बरामदगी एवं अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर नेपाल पुलिस से लगातार संपर्क कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध शिवहर, सीतामढ़ी सहित अन्य जिलों में चोरी एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।

इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, सदर अंचल के पर्यवेक्षी पदाधिकारी, चनपटिया एवं कुमारबाग थाना पुलिस तथा जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल रही।

बेतिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

0
24 views