
बनारस को मिलेगा हाईटेक नगर निगम सदन, 96.99 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक भवन
वाराणसी। बदलते बनारस की तस्वीर के साथ अब नगर निगम की कार्यप्रणाली और आधारभूत संरचना भी नए रूप में नजर आएगी। वाराणसी में नगर निगम का एक अत्याधुनिक और हाईटेक सदन भवन बनने जा रहा है, जिसकी आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रखे जाने की संभावना है। करीब 96.99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भव्य भवन नगर निगम की आधुनिक कार्यसंस्कृति का प्रतीक होगा।
70 हजार वर्गफीट में बनेगा नगर निगम सदन
करीब 70 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में प्रस्तावित इस भवन का नाम “सदन” रखा गया है। छह मंजिला इस भवन में नगर निगम से जुड़े सभी विभागों के कार्यालय एक ही छत के नीचे संचालित होंगे। इसके साथ ही जल निगम के कार्यालय भी इसी परिसर में स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रशासनिक कार्यों में समन्वय और गति आएगी। प्रस्तावित भवन नगर निगम के दूसरे हिस्से में बनाया जाएगा और इसके निर्माण के साथ ही निगम का स्वरूप पूरी तरह आधुनिक हो जाएगा।
200 पार्षदों के बैठने की होगी सुविधा
जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव के अनुसार, इस सदन भवन में लगभग 200 पार्षदों के बैठने की क्षमता वाला भव्य सदन कक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा महापौर कक्ष, पार्षदों के कक्ष, प्रशासनिक ब्लॉक और आधुनिक डेटा सर्वर केंद्र भी भवन का हिस्सा होंगे। भवन को पूरी तरह डिजिटल और हाईटेक बनाया जाएगा, जिसमें सीसीटीवी निगरानी, पावर बैकअप, आधुनिक लिफ्ट और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
हार्वेस्टिंग सिस्टम से लैस
भवन की संरचना को पर्यावरण के अनुकूल रखते हुए इसमें अंडरग्राउंड पार्किंग, रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और अत्याधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम भी शामिल किए जाएंगे। इससे न केवल ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि जल संरक्षण और सुरक्षा मानकों को भी मजबूती मिलेगी।
रुद्राक्ष कन्वेंशन के निर्माण के समय ही कर ली गई थी परिकल्पना
बताया जा रहा है कि इस भवन की परिकल्पना रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के दौरान ही कर ली गई थी। उद्देश्य था कि नगर निगम के कार्यों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए नागरिक समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके और सदन की व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और विशाल बनाया जाए। अब यह योजना मूर्त रूप लेने जा रही है।
पीएम के वाराणसी आगमन के दौरान रखी जाएगी आधारशिला
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी वाराणसी दौरे के दौरान इसी माह इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी जा सकती है। शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और इसके पूरा होने पर वाराणसी को एक ऐसा नगर निगम सदन मिलेगा, जो न केवल प्रशासनिक रूप से सक्षम होगा, बल्कि स्मार्ट सिटी की अवधारणा को भी साकार करेगा।